सुबह सवेरे
बिरसा मुंडा के दौर के बाद आदिवासी समाज ने विकास की लंबी यात्रा तय की है। शिक्षा का विस्तार हुआ है, राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ा है और सड़क, बिजली, स्वास्थ्य तथा संचार जैसी सुविधाएं दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंची है। आदिवासी युवा उच्च शिक्षा, सरकारी सेवाओं, खेल, व्यवसाय और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे है। इसके बावजूद उनकी अस्मिता से जुड़ी चुनौतियां समाप्त नहीं हुई है। जमीन से बेदखली, जंगलों पर अधिकार का संकट, विस्थापन, बेरोजगारी, पलायन और आर्थिक शोषण आज भी अनेक आदिवासी परिवारों की समस्याएं है। अपनी भाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखने की चिंता भी बनी हुई है। विकास की दौड़ में कई बार आदिवासी समाज को अपनी पारंपरिक जीवनशैली और संसाधनों से दूर होना पड़ता है। इसलिए आज उसकी आकांक्षा विकास के अवसर प्राप्त करने के साथ अपनी पहचान, स्वाभिमान और अधिकारों को सुरक्षित रखने की भी है।
यूनेस्को की 2025 की शिक्षा रिपोर्ट ने भारत की बारह सौ से अधिक छोटी मातृभाषाओं के संस्थागत और शैक्षिक उपेक्षा से प्रभावित होने की चिंता जताई है। आदिवासी समाज के सामने अपनी भाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने की चुनौती भी गंभीर होती जा रही है। गोंडी, भीली, मुंडारी, कुड़ुख, हो और अन्य जनजातीय भाषाएं उनके इतिहास, लोककथाओं, गीतों, धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक ज्ञान की वाहक है। इन भाषाओं में पीढ़ियों से प्रकृति, वनस्पतियों, खेती, स्वास्थ्य और सामुदायिक जीवन से जुड़ा ज्ञान सुरक्षित रहा है। लेकिन शिक्षा, रोजगार और प्रशासन में प्रचलित भाषाओं के बढ़ते उपयोग, शहरी पलायन और नई जीवनशैली के प्रभाव से कई समुदायों में मातृभाषा का दैनिक प्रयोग कम हो रहा है। नई पीढ़ी का अपनी मातृभाषा से जुड़ाव कमजोर होने पर लोकगीत, लोककथाएं, रीति-रिवाज और पारंपरिक ज्ञान भी प्रभावित होते है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी प्राथमिक स्तर पर मातृभाषा में शिक्षा देने पर जोर दिया गया है। इसलिए आदिवासी भाषाओं को विद्यालयों, साहित्य, डिजिटल माध्यमों और सांस्कृतिक आयोजनों में उचित स्थान देना आवश्यक है। आदिवासी समाज का विकास तभी सार्थक होगा, जब उसकी नई पीढ़ी आधुनिक शिक्षा और रोजगार के अवसर प्राप्त करने के साथ अपनी भाषा, परंपरा और सांस्कृतिक जड़ों से भी जुड़ी रहे।
बिरसा मुंडा की विरासत का महत्व अंग्रेजी शासन के विरुद्ध उनके विद्रोह के साथ उस विचार में भी है, जिसमें आदिवासी समाज को अपनी जमीन, संस्कृति और सामूहिक जीवन व्यवस्था पर अधिकार प्राप्त हो। उन्होंने आदिवासियों को अपनी पहचान पर गर्व करना और शोषण के विरुद्ध संगठित होना सिखाया। उनके लिए जंगल जीवन, संस्कृति, आस्था और आजीविका का आधार था। आज जब आदिवासी समाज की जमीन पर खनन, औद्योगिक परियोजनाओं और अन्य विकास गतिविधियों का दबाव बढ़ रहा है, तब बिरसा का यह विचार और अधिक प्रासंगिक हो जाता है। उनकी विरासत का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब आदिवासी समाज को अपने संसाधनों और भविष्य से जुड़े निर्णयों में वास्तविक अधिकार मिले।
भारत के जिन क्षेत्रों में कोयला, लोहा, बॉक्साइट और अन्य खनिज संसाधनों के बड़े भंडार हैं, वहां बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय निवास करते है। झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र इसके प्रमुख उदाहरण है। इन राज्यों की प्राकृतिक संपदा देश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को शक्ति देती है, लेकिन स्थानीय आदिवासी समुदायों को इसका समान लाभ नहीं मिल पाया है। खनन परियोजनाओं, बांधों और औद्योगिक गतिविधियों से विस्थापन, जंगलों तक पहुंच में कमी और पारंपरिक आजीविका का संकट पैदा होता है। झारखंड के कोयला क्षेत्र, छत्तीसगढ़ के बैलाडीला और ओडिशा के नियमगिरि क्षेत्र इस विरोधाभास को सामने रखते है। ओडिशा के नियमगिरि में डोंगरिया कोंध समुदाय की धार्मिक आस्था, आजीविका और सांस्कृतिक पहचान का संबंध पहाड़ तथा जंगल से जुड़ा है। 2013 में उच्चतम न्यायालय ने खनन परियोजना से जुड़े धार्मिक और सामुदायिक अधिकारों के मामले में ग्रामसभाओं को महत्वपूर्ण भूमिका दी। यह उदाहरण बताता है कि विकास की योजनाओं में स्थानीय समुदायों की सहमति और सांस्कृतिक अधिकारों का सम्मान कितना जरूरी है।
आदिवासी समाज की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि प्राकृतिक संपदा से समृद्ध क्षेत्रों में रहने के बावजूद अनेक परिवार गरीबी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे है।आदिवासी परिवारों तक पोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच में अभी भी बड़ी चुनौतियां हैं। जंगलों से मिलने वाले पारंपरिक खाद्य पदार्थों और प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद गरीबी, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, स्वच्छ पेयजल और सरकारी योजनाओं के कमजोर क्रियान्वयन से बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित होता है।
शिक्षा और रोजगार की स्थिति भी चिंता पैदा करती है। दूरस्थ गांवों में विद्यालयों की दूरी, शिक्षकों की कमी, मातृभाषा और शिक्षण भाषा के बीच अंतर तथा आर्थिक कठिनाइयां बच्चों की पढ़ाई को प्रभावित करती है। अनेक युवाओं को उच्च शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते। जिन क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा देश के औद्योगिक विकास में योगदान देती है, वहां के युवाओं को स्थानीय स्तर पर सम्मानजनक रोजगार मिलना भी बड़ी चुनौती है। खनन और औद्योगिक परियोजनाओं के आसपास रहने वाले युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार नहीं मिलता। रोजगार के अभाव में उन्हें दूसरे शहरों और राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता है। मध्यप्रदेश के झाबुआ, धार और बड़वानी जैसे आदिवासी बहुल जिलों से भी अनेक परिवार गुजरात और महाराष्ट्र की ओर मजदूरी के लिए जाते है। निर्माण कार्यों, ईंट भट्ठों, खेतों और कारखानों में काम करने वाले इन श्रमिकों को कई बार कम मजदूरी, समय पर भुगतान न मिलने और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ठेकेदारों और बिचौलियों की निर्भरता उनके आर्थिक शोषण को बढ़ाती है। पलायन उनके लिए रोजगार की तलाश के साथ परिवार, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जीवन से जुड़ी नई समस्याएं भी पैदा करता है।
आदिवासी समाज के सामने वनोपज से जुड़े आर्थिक शोषण की समस्या भी गंभीर है। महुआ, तेंदूपत्ता, इमली, साल बीज और अन्य लघु वनोपज अनेक परिवारों की आजीविका का आधार है। इनके संग्रह में आदिवासी महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बावजूद बाजार तक सीमित पहुंच, उचित मूल्य का अभाव, बिचौलियों पर निर्भरता और प्रसंस्करण सुविधाओं की कमी के कारण उत्पादों का पर्याप्त आर्थिक लाभ स्थानीय परिवारों को नहीं मिल पाता। जिन प्राकृतिक संसाधनों के संग्रह और संरक्षण में आदिवासी समुदायों की पीढ़ियां लगी रही हैं, उनके आर्थिक मूल्य का बड़ा हिस्सा कई बार व्यापारियों और बिचौलियों तक पहुंच जाता है। आदिवासी परिवारों को वनोपज के संग्रह के साथ उसके प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन में भी भागीदारी मिले, तभी उनकी आर्थिक स्थिति में स्थायी सुधार संभव है।
आज आदिवासी समाज की नई पीढ़ी के सपने बदल रहे हैं। वह अपने गांव, बोली, परंपरा और संस्कृति से जुड़ी रहना चाहती है, लेकिन उसका भविष्य गांव की सीमाओं तक बंधा नहीं है। वह डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासक, वैज्ञानिक, खिलाड़ी और उद्यमी बनना चाहती है। आधुनिक तकनीक, इंटरनेट और उच्च शिक्षा के माध्यम से देश-दुनिया में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहती है। सोशल मीडिया ने आदिवासी युवाओं को अपनी संस्कृति और समस्याओं को व्यापक समाज तक पहुंचाने का अवसर दिया है। अब वे अपनी पहचान का प्रतिनिधित्व स्वयं करना चाहते है। आधुनिक जीवन की दौड़ में उनकी मातृभाषाएं, लोकगीत, पारंपरिक ज्ञान और सामुदायिक जीवन कमजोर न पड़ें, यह भी एक बड़ी चिंता है। नई पीढ़ी चाहती है कि उसे अपनी सांस्कृतिक पहचान बचाने और आधुनिक अवसर प्राप्त करने में से किसी एक को चुनना न पड़े।
आदिवासी समुदायों के अधिकारों के संरक्षण के लिए पेसा अधिनियम, 1996 और वन अधिकार अधिनियम, 2006 जैसे महत्वपूर्ण कानून मौजूद है। इन कानूनों ने ग्रामसभाओं, व्यक्तिगत वन अधिकारों और सामुदायिक संसाधनों पर अधिकारों को कानूनी आधार दिया है। इसके बावजूद इनके क्रियान्वयन में अनेक चुनौतियां बनी हुई है। वन भूमि के दावों का निपटारा, ग्रामसभाओं की वास्तविक भागीदारी तथा भूमि अधिग्रहण और खनन परियोजनाओं में स्थानीय समुदायों के अधिकार सुनिश्चित करना जरूरी है। कई बार ग्रामसभा की भूमिका औपचारिकता तक सीमित रह जाती है। आदिवासी समाज को विकास योजनाओं का निष्क्रिय लाभार्थी मानने के स्थान पर निर्णय प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाया जाना चाहिए। सरकारी योजनाओं की सफलता बजट और घोषणाओं से नहीं, गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार की स्थिति में आने वाले बदलाव से मापी जानी चाहिए।
बिरसा मुंडा की विरासत और वर्तमान आदिवासी संकट के बीच गहरा संबंध है। बिरसा के समय संघर्ष का केंद्र जमीन से बेदखली, शोषण और सामाजिक पहचान की रक्षा था। आज विस्थापन, प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार, बेरोजगारी, पलायन, आर्थिक शोषण और विकास में असमान भागीदारी के रूप में ये चुनौतियां मौजूद है। अंतर इतना है कि आज आदिवासी समाज के सामने संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के माध्यम से अपनी आकांक्षाएं पूरी करने का अवसर भी है। आवश्यकता है कि इन अधिकारों को कागजों से निकालकर गांवों और समुदायों के जीवन में प्रभावी बनाया जाए।
article
बिरसा मुंडा, आदिवासी अस्मिता और नई आकांक्षाएं
- by brahmadeep alune
- November 15, 2026
- 0 Comments
- 22 Views












Leave feedback about this