ट्विटर अपने असल अवतार में…!
article

ट्विटर अपने असल अवतार में…!

ट्विटर ने पंछी के साथ उन्मुक्त होकर लम्बा समय बिताया और जब वह उच्छृंखल होकर बेलगाम होने लगा तो उसने अपना लोगो भी बदल लिया।   इस हकीकत को खुलेरूप से स्वीकार करने के लिए एलन मस्क बधाई के हकदार है।

नीली चिड़िया की जगह मुस्कुराते हुए कुत्ते के साथ ट्विटर की यात्रा आगे बढ़ने जा रही है। ट्विटर का यह नया अवतार दिलचस्प भी है और मजेदार भी। 2006 में ट्विटर का आगाज हुआ और यह दुनिया भर के लोगों की पसंद बन गया। कम शब्दों में कहने,समझाने और प्रभावित करने के इसके अंदाज ने दुनिया को गुदगुदाया कम,संकट ज्यादा बढ़ाया।  खासकर राजनीतिज्ञों के लिए यह हेट स्पीच का माध्यम बना लिया गया। यूके के एक नेता है गोल्ड स्मिथ। नेताजी यूके से कथित विदेशियों को बाहर निकालना चाहते है और इसलिए वे एक अभियान चलाते है ब्रिटिश फर्स्ट। उन्होंने मुस्लिमों के धार्मिक स्थानों को निशाना बनाने के लिए लोगों को उकसाया और इसके लिए उन्होंने ट्विटर का सहारा लिया। हेट स्पीच बोलने के कारण 2017 में ट्विटर ने उन्हें बैन  कर दिया। यह भी दिलचस्प है कि वह 2016 में लंदन के मेयर चुनाव में एक उम्मीदवार के रूप में गोल्ड स्मिथ खड़े हुए थे और आठवें स्थान पर रहे। इस चुनाव में दक्षिण एशियाई मूल के सादिक खान को मेयर के रूप में चुना गया। इससे यह भी साफ हुआ कि ट्विटर से आप भड़का तो सकते है लेकिन अपनी छवि को आदर्श नहीं बना सकते।

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ट्विटर पर करीब 9 करोड़ फॉलोवर्स थे।. जनवरी 2021 में अमेरिकी कांग्रेस में नव निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की जीत की औपचारिक पुष्टि की प्रक्रिया चल रही थी। तभी  ट्रम्प ने एक के बाद एक ट्विट करके अमेरिकी कांग्रेस पर हमला बोलने के लिए समर्थकों को उकसाया। इसके बाद अमेरिका ने जो  मंजर देखा,वह चकित करने वाला था। ट्रंप ने ऐसे कई ट्वीट किए थे जिसमें अपने हिंसक समर्थकों को देशभक्त कहा। ट्रंप के सैकड़ों हिंसक समर्थक अमेरिकी कांग्रेस के कैपिटल बिल्डिंग में घुस गए  और जमकर उत्पात मचाया। लिहाजा ट्विटर ने ग़लत सूचना फैलाने,फ़र्जी ख़बरें देने और  और हिंसा के लिए उकसाने वाली पोस्ट के चलते ट्रम्प का अकाउंट ही बंद कर दिया।

2021 में भारत में किसान आंदोलन का जोर था। सब कुछ लोकतांत्रिक तरीके से सुलझने की उम्मीद थी। उस दौरान जानी मानी अंतरराष्ट्रीय गायिका रिहाना ने इस मुद्दे पर ट्वीट  कर लिखा की इस बारे में कोई बात क्यों नहीं कर रहा है? इसके बाद अमेरिकी उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस,पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग और पूर्व पॉर्न स्टार मिया ख़लीफ़ा ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट किया। मीना हैरिस ने लिखा कि हम सभी को भारत में इंटरनेट शटडाउन और किसान प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षाबलों की हिंसा को लेकर नाराज़गी जतानी चाहिए। भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के सामाजिक मामलों पर विदेशी हस्तक्षेप का नतीजा यह हुआ की आंदोलन हिंसक हो गया और मूल मांगे कहीं पीछे छुट गई।

 

चीन जैसे देश में ट्विटर से सामान्य जनता डरती है। दुनिया के  कई देशों में ट्विटर से दोस्ती कम खौफ ज्यादा महसूस किया जाता है। खासकर विविधता वाले देशों में रहने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़काने के लिए दुनिया के किसी भी कोने में बैठकर आतंक फैलाया जा सकता है।

 

पिछले साल कंगना रणौत और अनुराग कश्यप के बीच की ट्विटर वॉर भी काफी चर्चित रही । कंगना ने अपने एक ट्वीट में कहा था कि मैं एक क्षत्राणी हूं। सर कटा सकती हूं,लेकिन सर झुका सकती नहीं! राष्ट्र के सम्मान के लिए हमेशा आवाज बुलंद करती रहूंगी। मान, सम्मान, स्वाभिमान के साथ जी हूं और गर्व से राष्ट्रवादी बनकर जीती रहूंगी। सिद्धांत के साथ  कभी समझौता नहीं की हूं और ना ही  कभी करूंगी। जय हिंद…।  जाने माने फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने इस ट्वीट को रिट्वीट किया और तंज कसते हुए कहा,बस एक तू ही है बहन, इकलौती मणिकर्णिका। तू ना चार पांच को ले के चढ़ जा चीन पे।  कंगना ने फिर इसका जवाब देते हुए कहा कि,ठीक है मैं बॉर्डर पे जाती हूं। आप अगले ओलम्पिक में चले जाना,देश को गोल्ड मेडल्स चाहिए। इतने मंदबुद्धि कब से हो गए,जब हमारी दोस्ती थी तब तो काफी चतुर थे। दरअसल कथित उच्च शिक्षित वर्ग ने ट्विटर को प्रचार का माध्यम बनाकर खुद को चर्चा में बनाएं रखने के लिए कई बार हदें पार कर दी और इसका खामियाजा समाज पर नकारात्मक ही पड़ा।

एलन मस्क दुनिया के सबसे दौलतमंद शख्स हैं और उन्होंने बीते 27 अक्टूबर 2022 को कोर्ट के आदेश के बाद 44 बिलियन डॉलर में ट्विटर का अधिग्रहण किया था। एलन मस्क ने ट्विटर का मालिकाना हक पाते ही बड़ी संख्या में नीतियों में फेरबदल शुरु किए और कर्मचारियों की छंटनी कर दी। इसके साथ ही ट्विटर ब्लू टिक के लिए उन्होंने फीस भी तय कर दी।

 

एलन मस्क जानते है कि ट्विटर का सरोकार ज्यादातर  कथित रूप से उच्च  शिक्षित ,धनाढय, नामचीन और राजनीतिक हस्तियों से  है तथा  उनकी वैचारिक उत्कृष्टता से लेकर निकृष्टता और धृष्टता को सामने लाने के लिए पैसे भी  वसूलना चाहिए।  लिहाजा अब चिड़िया की जगह कुत्ते ने ले ली है।  वैसे भी ट्विटर पर शालीनता कम,गुर्राने और भौंकने  का रिवाज ज्यादा है।  कुत्ता लड़ाकू होता है और इनके द्वारा तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करने वाली एक भयंकर बीमारी रेबीज होती है,जो जानलेवा होती है।   ट्विटर ने अंततः यह स्वीकार तो किया कि वह कितना जानलेवा हो सकता है।    क्योंकि इस पर व्यक्त किए विचार सभ्यताओं,संस्कृतियों,धर्म और जातियों के तंत्र को कई बात अस्त व्यस्त करने वाले होते है और इसके कारण उत्पन्न हुआ वैचारिक प्रतिरोध हिंसा और रक्तपात के रूप में कई बार सामने  आया है।  ट्विटर ने पंछी के साथ उन्मुक्त होकर लम्बा समय बिताया और जब वह उच्छृंखल होकर बेलगाम होने लगा तो उसने अपना लोगो भी बदल लिया।   इस हकीकत को खुलेरूप से स्वीकार करने के लिए एलन मस्क बधाई के हकदार है।

#ब्रह्मदीप अलूने

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video
X