विकसित देशों में राजधानी का प्रशासन
article

 विकसित देशों में राजधानी का प्रशासन

राष्ट्रीय सहारा,हस्तक्षेप

 

स्थानीय,क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर राजधानी का प्रमुख स्थान होता है।  राष्ट्रीय राजधानी की उपयोगिता और महत्ता की दृष्टि से तथा इसके सफल संचालन और प्रबंधन के लिए विभिन्न निकायों  के बीच वैधानिक शक्ति का समन्वय अपरिहार्य माना जाता है। विकसित देशों मे स्थित बर्लिन,कैनबरा,वाशिंगटन डीसी,लंदन या पेरिस का प्रबंधन और प्रशासन आदर्श राजधानी का बेहतरीन उदाहरण पेश करते है। किसी देश की राजधानी,महज एक शहर नहीं होकर प्रशासनिक,राजनैतिक,आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान होता है जो वैश्विक स्तर पर किसी राष्ट्र की नीतियों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करता है। यह भी दिलचस्प है की राष्ट्रीय राजधानी के यह क्षेत्र किसी न किसी राज्य या क्षेत्र का भाग होते है। ऐसे मे इसका प्रशासनिक संचालन और प्रबंधन स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाले निकायों की आपसी सहमति से बेहतर तरीके से हो  पाता है।

दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समन्वय कार्यालय व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार है। यह विभिन्न निकायों में समन्वय तथा योजना और परिचालन गतिविधियों का संचालन करता है। इसके लिए बाकायदा विधायी नियम भी बनाएं गए है।  विधायी अधिनियम वाशिंगटन डीसी के भीतर संघीय या जिला सरकारों के स्वामित्व वाली संपत्ति पर अधिकार क्षेत्र के हस्तांतरण को अधिकृत करता है। स्थानांतरण दो संघीय सरकारी एजेंसियों के बीच,संघीय सरकार और जिला सरकारी एजेंसी के बीच और दो जिला सरकारी एजेंसियों के बीच हो सकता है। यहां एनसीआर होमलैंड सुरक्षा प्रशासन संरचना के भीतर संघीय प्रतिनिधि के रूप में कार्य करता है,जो क्षेत्रीय होमलैंड सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन मामलों पर मार्गदर्शन, निरीक्षण और सहयोगात्मक निर्णय प्रदान करता है।

 

लंदन की सुंदरता को यहां की सांस्कृतिक विभिन्नता ज्यादा बढ़ा देती है। कभी दुनिया की शक्ति का केंद्र रहने वाला यह शहर प्रशासनिक प्रबंधन का अनूठा उदाहरण पेश करता है।   लंदन का प्रशासन दो स्तरों से बना है,एक शहरव्यापी तथा दूसरा स्थानीय स्तर पर। शहरव्यापी प्रशासन का समन्वय ग्रेटर लंदन अथॉरिटी द्वारा किया जाता है,जबकि स्थानीय प्रशासन 33 छोटे प्राधिकरणों द्वारा किया जाता है। जीएलए में दो निर्वाचित घटक शामिल हैं,लंदन के मेयर,जिनके पास कार्यकारी शक्तियां हैं और लंदन असेंबली,जो मेयर के निर्णयों की जांच करती है। जीएलए के पास अपनी कार्यात्मक शाखा ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन के माध्यम से लंदन की अधिकांश परिवहन प्रणाली की जिम्मेदारी है,यह शहर की पुलिस और अग्निशमन सेवाओं की देखरेख के साथ लंदन के लिए एक रणनीतिक दृष्टिकोण स्थापित करने के लिए भी जिम्मेदार है। इसके साथ ही साथ स्थानीय प्राधिकारी स्थानीय सेवाओं जैसे स्थानीय योजना,स्कूल,पुस्तकालय,अवकाश और मनोरंजन, सामाजिक सेवाएं,स्थानीय सड़कें और कूड़ा संग्रहण के लिए जिम्मेदार हैं।

बर्लिन जर्मनी की राजधानी और इसके 16 राज्यों में से एक है। यह यूरोपीय संघ का दूसरा सबसे बड़ा शहर है तथा यूरोप की राजनीति,संस्कृति और विज्ञान का भी  महत्त्वपूर्ण केन्द्र है। यूरोप के यातायात के लिए यह एक धुरी के समान है। यहां कई महत्त्वपूर्ण विश्वविद्यालय,संग्रहालय और शोध केन्द्र हैं। जर्मनी की राजधानी बर्लिन संघीय सरकार के अधीन है। हालांकि बर्लिन की अपनी राज्य सरकार भी है,लेकिन सुरक्षा,विदेशी मामलों और समग्र नीति समन्वय जैसे मामलों में केंद्र सरकार ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

पेरिस फ़्रांस का सबसे बड़ा नगर और उसकी राजधानी है। यह 105 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। 17वीं शताब्दी में पेरिस,यूरोप में वित्त,वाणिज्य,फैशन,विज्ञान और कला के प्रमुख केंद्रों में से एक बना और यह आज भी उस स्थिति को बरकरार रखते हुए अपने गौरव को सहेजे हुए है। फ्रांस की राजधानी पेरिस पर केंद्र और क्षेत्रीय प्राधिकरण दोनों का शासन चलता है। सुरक्षा,परिवहन और शहरी नियोजन जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्र सरकार का अधिकार है,जबकि स्थानीय शासन और सांस्कृतिक मामलों के लिए क्षेत्रीय सरकार जिम्मेदार है। यहां  एक केंद्रीय,राज्य-स्तरीय कार्यकारी प्राधिकरण,एक राज्य-स्तरीय सार्वजनिक प्रशासन और साथ ही एक राज्य-स्तरीय संसद है। पेरिस में प्रशासन के लिए जिम्मेदार काउंसिल ऑफ पेरिस राजधानी का प्रबंधन और समन्वय करती है। पेरिस परिषद ही फ्रांस की राजधानी पर शासन करने के लिए जिम्मेदार विचार-विमर्श करने वाली संस्था है। इसके पास पेरिस विभाग के लिए नगरपालिका परिषद और विभागीय परिषद की दोनों शक्तियां हैं। पेरिस की परिषद,जिसकी अध्यक्षता पेरिस के मेयर करते हैं। पेरिस का आधुनिक प्रशासनिक संगठन बेहतरीन तरीके से संचालित होता है।  अग्नि सुरक्षा या बचाव कार्य फ्रांस की राष्ट्रीय सरकार द्वारा निर्देशित है। पेरिस में कोई नगरपालिका पुलिस बल नहीं है,हालांकि उसके पास ट्रैफिक वार्डन की अपनी ब्रिगेड है। सुरक्षा को लेकर स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर सभी निकायों के मध्य लगातार सहयोग किया जाता है।

आस्ट्रेलिया की राजधानी कैनेबरा काफी सुनियोजित ढंग से बसाया गया खूबसूरत शहर है।  यहां ब्लैक माउंटेन,आस्ट्रेलिया वार मैमोरियल,नेशनल फिल्म एंड साउंड आर्काइव्स,नेशनल गैलरी ऑफ आस्ट्रेलिया तथा संसद भवन स्थित है। यहां की स्‍थानीय भाषा में कैन‍बरा का अर्थ है बैठक का स्थान। ऑस्ट्रेलियाई राजधानी क्षेत्र के प्रशासन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अक्सर अलग-अलग एजेंसियों या एक एजेंसी के भीतर शाखाओं की जिम्मेदारी होती है। गृह मंत्रालय के साथ सभी एजेंसियों और निकायों का सहयोग होता है।

सुशासन आधुनिक राज्यों की पहचान है। यह भागीदारी,आम सहमति,जवाबदेही,पारदर्शी,उत्तरदायी,प्रभावी एवं कुशल,न्यायसंगत और समावेशी होने के साथ-साथ  कानून के शासन का अनुसरण करता है। किसी देश की राजधानी का शासन और प्रशासन न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक छवि को भी निर्धारित करता है।  विकसित देश स्थानीय,क्षेत्रीय और राष्ट्रीय हितों का ध्यान रखते हुए राजधानी क्षेत्र का बेहतर तरीके से संचालन करते है।  इन देशों में राजधानी की महत्ता को लेकर कोई राजनीतिक विरोधाभास नहीं हो,इसके लिए बाकायदा सांविधानिक उपाय किए गए है और सभी की भूमिका को सुनिश्चित किया गया है।

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video
X