प्रजातंत्र
लोकतंत्र की वास्तविक खूबसूरती इस बात में है कि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी नस्ल, धर्म या सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि उसके विचारों, योग्यता और चरित्र से हो। अमेरिका के महान नागरिक अधिकार आंदोलन के नेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर ने इसी भावना को अपने ऐतिहासिक भाषण में व्यक्त किया था। 28 अगस्त 1963 को वाशिंगटन में दिए गए अपने प्रसिद्ध भाषण में उन्होंने कहा था, मेरा एक सपना है कि एक दिन मेरे चार छोटे बच्चों का मूल्यांकन उनकी त्वचा के रंग से नहीं, बल्कि उनके चरित्र की विशेषताओं से किया जाएगा। मार्टिन लूथर किंग का यह सपना अमेरिकी लोकतंत्र की सबसे बड़ी विशेषता और उसकी कसौटी दोनों को सामने रखता है।
अमेरिका का लोकतांत्रिक अनुभव बताता है कि नस्लीय भेदभाव और सामाजिक असमानता के लंबे इतिहास के बावजूद वहां विभिन्न समुदायों ने राजनीतिक व्यवस्था में अपनी जगह बनाई है। यह मध्यावधि चुनाव इस लोकतांत्रिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण झलक प्रस्तुत करते है। इन चुनावों में भारतीय, फिलिस्तीनी, अफ्रीकी और अन्य प्रवासी पृष्ठभूमियों के उम्मीदवारों की सफलता ने अमेरिकी समाज की सांस्कृतिक विविधता और राजनीतिक भागीदारी को नई पहचान दी है। इन चुनावों में भारतीय मूल के अमेरिकी नेताओं ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। रो खन्ना, प्रमिला जयपाल, अमी बेरा और सुहास सुब्रमण्यम ने प्रतिनिधि सभा में अपनी सीटें बरकरार रखीं। वहीं पिया दांडिया ने फ्लोरिडा से जीत हासिल कर अमेरिकी कांग्रेस में प्रवेश किया। मैरीलैंड की उपराज्यपाल अरुणा मिलर ने भी अपना पद बरकरार रखा। दूसरी ओर रिपब्लिकन पार्टी के भारतीय मूल के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर का चुनाव हार गए।
इन परिणामों का महत्व इस बात में है कि भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक अब वहां की राजनीति में केवल एक प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि नहीं रह गए हैं, बल्कि राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर नीतियों को प्रभावित करने वाली राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर रहे हैं। उनकी राजनीतिक सफलता यह भी बताती है कि अमेरिका में किसी उम्मीदवार की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के साथ-साथ उसकी राजनीतिक विचारधारा और मतदाताओं के बीच स्वीकार्यता भी महत्वपूर्ण है। फिलिस्तीनी मूल के उम्मीदवारों की सफलता भी उल्लेखनीय है। मिशिगन से रशीदा तलीब ने प्रतिनिधि सभा में पांचवीं बार जीत हासिल की। न्यूयॉर्क से फिलिस्तीनी मूल की अबेर कवास ने राज्य सीनेट का चुनाव जीतकर इतिहास बनाया। वह न्यूयॉर्क की विधायिका में पहुंचने वाली पहली फिलिस्तीनी मूल की महिला बनी। मिशिगन से अब्दुल अल-सैयद ने अमेरिकी सीनेट का चुनाव जीतकर इतिहास रचा। वह अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले पहले मुस्लिम सदस्य बने। इल्हान उमर ने भी मिनेसोटा से प्रतिनिधि सभा में पांचवीं बार जीत दर्ज की। इन सफलताओं का महत्व इसलिए भी है कि गाजा युद्ध, फिलिस्तीनी अधिकारों और इजराइल को अमेरिकी सैन्य सहायता जैसे मुद्दों पर अमेरिका में व्यापक राजनीतिक बहस चल रही है। इन समुदायों से आने वाले प्रतिनिधियों की सफलता बताती है कि अमेरिकी लोकतंत्र में विदेश नीति से जुड़े विवादास्पद मुद्दों पर असहमति रखने वाले उम्मीदवारों को भी चुनाव लड़ने और मतदाताओं का समर्थन प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
अफ्रीकी मूल के अमेरिकी नागरिकों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व भी इन चुनावों में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया। जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स पहली अश्वेत महिला गवर्नर निर्वाचित हुईं। फ्लोरिडा में रिपब्लिकन उम्मीदवार बायरन डोनाल्ड्स पहले अश्वेत रिपब्लिकन गवर्नर बने। नेवादा में आरोन फोर्ड राज्य के पहले अश्वेत गवर्नर निर्वाचित हुए, जबकि विस्कॉन्सिन में डेविड क्राउली ने जीत हासिल की। मैरीलैंड के अश्वेत गवर्नर वेस मूर ने भी अपना दूसरा कार्यकाल सुनिश्चित किया। इस प्रकार, अमेरिकी इतिहास में पहली बार एक साथ पांच अश्वेत गवर्नर पद पर रहेंगे। यह उपलब्धि इसलिए महत्वपूर्ण है कि जिस देश में कभी नस्लीय अलगाव और अश्वेत नागरिकों के मतदान अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष हुआ, वहां आज उसी समुदाय के लोग राज्यों के सर्वोच्च निर्वाचित पदों तक पहुंच रहे हैं। यह परिवर्तन अमेरिकी लोकतंत्र की संस्थागत क्षमता और सामाजिक संघर्षों से पैदा हुए बदलावों को प्रदर्शित करता है।
अमेरिकी लोकतंत्र की खूबसूरती का एक दूसरा पक्ष भी है। इन मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में बहुमत हासिल कर लिया। यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के प्रति मतदाताओं की नाराजगी और सरकार पर लोकतांत्रिक नियंत्रण स्थापित करने की उनकी इच्छा का संकेत है। महंगाई, जीवनयापन की बढ़ती लागत, ईरान युद्ध और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे मुद्दों ने चुनावी परिणामों को प्रभावित किया। इन चुनावों ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका में राजनीतिक सत्ता किसी एक दल की स्थायी संपत्ति नहीं है। राष्ट्रपति रिपब्लिकन पार्टी का होने के बावजूद मतदाताओं ने कांग्रेस में डेमोक्रेटिक पार्टी को बहुमत दिया। इससे राष्ट्रपति की नीतियों पर संसदीय निगरानी और संस्थागत नियंत्रण की संभावनाएं बढ़ी है। अमेरिकी लोकतंत्र में सत्ता के विभिन्न केंद्रों के बीच संतुलन बनाए रखने की यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप की आप्रवासन नीति, नस्लीय पहचान, आर्थिक असमानता और विदेश नीति को लेकर अमेरिकी समाज में गहरे मतभेद भी दिखाई देते है। डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दलों के बीच बढ़ती वैचारिक दूरी ने राजनीतिक ध्रुवीकरण को गंभीर बनाया है। चुनावों में विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व बढ़ना निश्चित रूप से सकारात्मक है, लेकिन इससे सामाजिक और राजनीतिक विभाजन अपने आप समाप्त नहीं हो जाते।
अमेरिका का लोकतंत्र इस अर्थ में उल्लेखनीय है कि वहां एक भारतीय मूल का नागरिक, फिलिस्तीनी मूल की महिला, अफ्रीकी मूल का नेता अथवा किसी अन्य प्रवासी समुदाय का व्यक्ति राजनीतिक प्रतिस्पर्धा में भाग लेकर महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों तक पहुंच सकता है। विवेक रामास्वामी की चुनावी पराजय और भारतीय मूल के दूसरे उम्मीदवारों की सफलता भी बताती है कि एक ही सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के लोगों के लिए राजनीतिक परिणाम समान नहीं होते। मतदाता उम्मीदवारों को उनकी पार्टी, विचारधारा, नीतियों और नेतृत्व क्षमता के आधार पर स्वीकार या अस्वीकार करते है। यही अमेरिकी लोकतंत्र की महत्वपूर्ण विशेषता है कि राजनीतिक असहमति के बावजूद चुनाव, संसद, न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाएं सत्ता के संतुलन में अपनी भूमिका निभाती हैं। वहां की व्यवस्था यह अवसर देती है कि मतदाता सत्तारूढ़ दल को चुनौती दे सकें, अल्पसंख्यक समुदाय अपनी आवाज संसद तक पहुंचा सकें और राजनीतिक विचारधाराओं के बीच प्रतिस्पर्धा जारी रहे।
इस चुनावी परिणाम का महत्व अमेरिका की सीमाओं से कहीं अधिक व्यापक है। दुनिया के अनेक लोकतांत्रिक देशों में नेता राष्ट्रवाद, धार्मिक पहचान, नस्लीय विभाजन और बाहरी खतरों के भय को चुनावी समर्थन जुटाने के माध्यम के रूप में इस्तेमाल करते है। ट्रंप की राजनीति को मिले इस चुनावी झटके ने संकेत दिया है कि भावनात्मक मुद्दों के सहारे कुछ समय तक जनसमर्थन प्राप्त किया जा सकता है, लेकिन महंगाई, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा जैसे सवालों की अनदेखी लंबे समय तक नहीं की जा सकती। राष्ट्रवाद का अर्थ समाज को विभाजित करना नहीं, बल्कि नागरिकों में साझा जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना है।
article
अमेरिकी लोकतंत्र के उत्कृष्ट संदेश
- by brahmadeep alune
- November 14, 2026
- 0 Comments
- 11 Views








Leave feedback about this